Showing posts with label Nareder Modi. Show all posts
Showing posts with label Nareder Modi. Show all posts

Saturday, 1 July 2017

GST लागू: यह दिन देश का एक निर्णायक मोड़-PM मोदी

30-जून-2017 23:59 IST
ऐतिहासिक मध्‍य रात्रि सत्र के बीच भारत में GST की शुरुआत

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, संसद के सदस्‍यगण और अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्ति 30 जून, 2017 को नई दिल्ली में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के शुभारंभ के अवसर पर संसद के केन्द्रीय कक्ष में। 
The Prime Minister, Shri Narendra Modi, the Members of Parliament and other dignitaries at the ceremony to launch the Goods & Service Tax (GST), in Central Hall of Parliament, in New Delhi on June 30, 2017.
नई दिल्ली: 30 जून 2017: (पीआईबी//FIB मीडिया ब्यूरो)::

संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित ऐतिहासिक मध्‍य रात्रि सत्र के बीच आज मध्‍य रात्रि से वस्‍तु एवं सेवा कर व्‍यवस्‍था लागू हो गई। राष्‍ट्रपति एवं प्रधानमंत्री द्वारा बटन दबाकर देश में जीएसटी की शुरुआत करने से पूर्व राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सभा को संबोधित किया। 

इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन देश का भविष्‍य निर्धारित करने के लिहाज से एक निर्णायक मोड़ है। 
उन्‍होंने याद किया कि संसद का यह केंद्रीय कक्ष पहले भी कई ऐतिहासिक अवसरों का साक्षी रहा है जिसमें संविधान सभा का पहला सत्र, भारत की आजादी और संविधान को अंगीकार करना शामिल हैं। उन्‍होंने जीएसटी को सहकारी संघवाद का एक उदाहरण बताया। 
उन्‍होंने चाणक्‍य का उल्‍लेख करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत सभी बाधाओं को दूर कर सकती है और यह हमें सबसे कठिन उद्देश्‍यों को पूरा करने में भी मदद करती है। उन्‍होंने कहा कि जिस प्रकार सरदार पटेल ने देश का राजनीतिक एकीकरण सुनिश्चित किया था, उसी तरह जीएसटी आर्थिक एकीकरण सुनिश्चित करेगा। प्रसिद्ध वैज्ञानिक अल्‍बर्ट आइंस्‍टीन, जिन्‍होंने कहा था कि आयकर दुनिया में समझने के लिए सबसे मुश्चिकल चीज है, को याद करते हुए उन्‍होंने कहा कि जीएसटी एक राष्‍ट्र-एक कर सुनि‍श्चित करेगा। उन्‍होंने कहा कि जीएसटी से समय और लागत में काफी बचत होगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि राज्‍य की सीमाओं को पार करते समय होने वाली देरी से जलने वाले इंधन की अब बचत होगी और इससे पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी एक आधुनिक कर प्रशासन को बढ़ावा देगा जो अपेक्षाकृत आसान एवं अधिक पारदर्शी होगा और इससे भ्रष्‍टाचार पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।